स्कॉर्पियो नहीं मिलने पर दूल्हा हुआ नाराज,शादी की रस्मों के बीच से हुआ फरार
फिरोजाबाद।उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में अजीबो गरीब मामला सामने आया है।यहां शादी में स्कॉर्पियो गाड़ी नहीं मिलने पर नाराज दूल्हा शादी की रस्मों के बीच से अचानक लापता हो गया।लड़की के परिजनों ने कई बार दूल्हे से संपर्क करने का प्रयास किया,लेकिन दूल्हे से संपर्क नहीं हो पाया।दूल्हे ने फोन ही स्विच ऑफ कर दिया।
शिकोहाबाद के स्टेशन रोड पर एक गेस्ट हाउस में मैरिज होम में शादी गुरुवार की रात हो रही थी।बारात फर्रुखाबाद से आई थी।धूमधाम से घुड़चढ़ी हुई और जयमाला हो गया,लेकिन रात को दूल्हा-दुल्हन की शादी की रस्मों से पहले ही शुकवार सुबह चार बजे अचानक ही दूल्हा ललित यादव गायब हो गया। जानकारी हुई कि दूल्हे को दहेज में स्कॉर्पियो गाड़ी नहीं मिली है,इसलिए दूल्हा शादी की रस्मों को छोड़कर चला गया है।
दुल्हन के पिता राजेन्द्र सिंह यादव होमगार्ड है।दूल्हे के पिता सूरज सहाय यादव परिवहन विभाग में एटीएस के पद पर कार्यरत हैं।राजेन्द्र सिंह ने आरोप लगाया कि शादी में 22 लाख रुपए दिए हैं,लेकिन अचानक ही दरवाजे पर बारात आने के बाद दूल्हा स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग करने लगा।इतनी जल्दी इतनी बड़ी मांग को पूरा न कर पाने कारण दूल्हा गायब हो गया।
दूल्हे के चले जाने पर हाथों में मेहंदी लगाए दुल्हन अपने दूल्हे का दोपहर तक इंतजार करती रही,लेकिन दूल्हा नहीं आया। अब दुल्हन गेस्ट हाउस से परिवार सहित अपने घर को चली गई है।फिलहाल दूल्हन के पिता राजेंद्र सिंह यादव ने थाना शिकोहाबाद में दूल्हे और उसके परिजनों के खिलाफ तहरीर दी है।
थानाध्यक्ष हरवेंद्र मिश्रा कहते हैं कि उन्हें तहरीर एक प्राप्त हुई है,जिसमें दूल्हा अचानक से शादी के रस्म छोड़कर भाग गया है। फिलहाल दूल्हे को तलाश कर उससे बात की जाएगी और इसमें मुकदमा दर्ज कर विधि सम्वत कार्यवाही की जाएगी।